नई दिल्ली: 2017 में कश्मीर में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर जवान का जब शौर्य चक्र उसके घर पहुंचा तो पिता ने देख इस पर नाराजगी जताई और सरकार को वापिस लौटा दिया।

दरअसल, सरकार ने बहादुर जवान की इस वीरता पर मरणोपरांत शौर्य चक्र दिया लेकिन यह शौर्य चक्र शहीद के माता-पिता को कुरियर से भेजा गया। माता-पिता इससे इतने आहत हुए कि उन्होंने शौर्य चक्र सरकार को वापस कर दिया और सरकार से राष्ट्रपति भवन में अलंकरण की मांग की।

यह मामला गुजरात के अहमदाबाद का है जहां शहीद के पिता मुकीम सिंह भदौरिया ने बेटे को मरणोपरांत दिए गए शौर्य चक्र को लेने से इनकार कर दिया है। पिता मुकीम सिंह भदौरिया के पुत्र गोपाल सिंह 2017 में कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे।
वहीं दूसरी ओर, गोपाल सिंह की पत्नी हेमवती ने उनके सभी लाभों और पुरस्कार पर दावा करते हुए अदालत में मामला दर्ज कर दिया था दरअसल, हेमवती गोपाल से अलग रह रही हैं। इस अदालती लड़ाई में माता-पिता की जीत हुई।
शहीद की पत्नी हेमवती 2011 से ही गोपाल से अलग रह रही थीं, हालांकि तालाक की डिक्री अभी पारित नहीं हुई थी। पत्नी और माता-पिता के बीच विवाद के कारण शौर्य चक्र प्रदान नहीं किया जा रहा था. अंततः उन्हें कुरियर से शौर्य चक्र भेज दिया गया। लांस नायक शहीद गोपाल 26/11 मुंबई आतंकी हमला के दौरान विशिष्ट भूमिका के लिए उन्हें विशिष्ट सेवा मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका था।
इस मामले में 2021 में कोर्ट ने आदेश दिया था कि गैलेंटरी अवार्ड और सभी तरह के लाभ शहीद के माता-पिता को दिया जाए। मुकीम सिंह भदौरिया ने बताया कि सोमवार को सर्टिफिकेट और मेडल वाला एक पैकेट मिला लेकिन मैंने इसे नहीं खोला और इसे वापस कर दिया। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत दुख हुआ. यह मेरे लिए महज एक पार्सल नहीं था, यह मेरा दिल था, मेरे बच्चे की उपलब्धि। मैंने इसके लिए कड़ा संघर्ष किया है और काफी खर्च भी किया है।