लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को लखीमपुर खीरी के गोला विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद गिरि के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
गिरि का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वह 65 वर्ष के थे।
राजभवन से जारी बयान के अनुसार राज्यपाल ने गिरि के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
गौरतलब है कि सोमवार को तड़के गिरि को दिल का दौरा पड़ने के बाद इलाज के लिये लखनऊ लाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनका निधन हो गया। वह लखीमपुर खीरी के गोला विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने गये थे।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी लोकप्रिय भाजपा विधायक अरविंद गिरी के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक बयान में महाना ने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि गिरी के निधन से जनपद लखीमपुर सहित प्रदेश की राजनीति में अपूरणीय क्षति हुई है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गिरि के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “जनपद लखीमपुर खीरी स्थित गोला विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक श्री अरविन्द गिरि जी का निधन अत्यंत दु:खद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतृप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति।”

