गुरुग्राम में भाजपा नेता की हत्या के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

गुरुग्राम, 6 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुखबीर खटाना की हत्या के मामले में राजस्थान निवासी 22 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह खटाना को एक कपड़े के शोरूम में हथियारबंद हमलावरों ने गोली मार दी थी। उन्होंने बताया कि योगेश उर्फ सीलू को पुलिस की सेक्टर-31 अपराध इकाई ने निरीक्षक आनंद कुमार के नेतृत्व में रविवार रात डीएलएफ फेज-1 से गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि उसे यहां एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। सुखबीर खटाना उर्फ सुखी की बृहस्पतिवार को गुरुद्वारा रोड स्थित रेमंड के शोरूम में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। एक वरिष्ठ जांच अधिकारी ने बताया कि योगेश ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और उसने कहा कि वह मुख्य आरोपी चमन के इशारे पर काम कर रहा था। उसने पुलिस को बताया कि राजस्थान में उसके गांव में एक व्यक्ति ने उसकी बहन के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की थी, इसलिए वह उसे मारना चाहता था।

अधिकारी ने यह भी कहा कि चमन ने कथित तौर पर उसे आश्वासन दिया था कि अगर उसने भाजपा नेता की हत्या की तो वह उसकी मदद करेगा। मृतक के बेटे की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में चमन व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रीत पाल सिंह सांगवान ने कहा, अब तक पांच आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *