बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में चार स्कूलों को शुक्रवार को ईमेल के जरिये बम की धमकी मिली, जिससे दहशत फैल गयी।
बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त कमल पंत ने यहां संवाददाताओं को बताया कि चार स्कूलों को धमकी मिली है।

पुलिस को यह पता लगाने का निर्देश दिया गया है कि क्या स्कूलों में बम लगाये गये हैं।
उन्होंने बताया कि जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें एबेनेजर और विन्सेंट पल्लोटी इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं।
स्कूलों को भेजे गए एक जैसे ईमेल में लिखा गया है, “आपके स्कूल में एक शक्तिशाली बम लगाया गया है। यह कोई मजाक नहीं है। आपके स्कूल में एक बहुत शक्तिशाली बम लगाया गया है। तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ते को बुलाओ। अन्यथा, आपके साथ सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। सब कुछ आपके हाथ में है।”


