निदेशक पंचायती राज ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वितीय के अंतर्गत मंडल के अधिकारियों, जनपदो से आमंत्रित ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव के साथ की मंडलीय समीक्षा बैठक

तरल एवं ठोस कूडा प्रबंधन के संबंध में वर्कशाॅप का किया गया आयोजन

ग्राम पंचायतो में दी जाने वाली सेवाओ को बनाया जाये सस्टनेबल-जिलाधिकारी
जनपद में ग्राम प्रधानो द्वारा किये गये नवाचारो की जिलाधिकारी ने की सराहना
मेरठ (सू0वि0) 30.08.2022
आज चै0 चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह में निदेशक पंचायती राज अनुज कुमार झा द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वितीय के अंतर्गत मंडल के समस्त मुख्य विकास अधिकारी, पंचायत राज अधिकारी एवं सभी जनपदो से आमंत्रित ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में तरल एवं ठोस कूडा प्रबंधन के संबंध में वर्कशाॅप का आयोजन किया गया। निदेशक द्वारा समस्त डीपीआरओ को निर्देशित किया गया कि सभी ग्राम पंचायतो में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कूडा प्रबंधन, सोखता गड्डा, फिल्टर चैम्बर आदि के संबंध में कार्य योजना बनाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कूडा प्रबंधन की कार्यवाही हेतु प्लाॅन तैयार कर तुरंत भेजा जाये जिससे कि ग्राम पंचायत को धनराशि समय से प्राप्त हो सके।
डोर-टू-डोर कूडा कलेक्शन किये जाने के साथ-साथ प्रत्येक घर से यूजर चार्ज के लिए भी लोगो को जागरूक किया जाये। उन्होने कहा कि ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव ग्राम पंचायत में अधिक से अधिक इस अभियान से लोगो को जोडे जिससे कि डोर-टू-डोर कूडा कलेक्शन, साफ-सफाई होने के साथ-साथ यूजर चार्ज को भी सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि ग्राम पंचायतो में दी जाने वाली सेवाओ को हमें सस्टनेबल/सतत बनाना है। जिसके लिए स्वच्छता से संबंधित सेवाओ हेतु ग्राम पंचायत के हर घर को जोडना है साथ ही लोगो को जागरूक करते हुये यूजर चार्ज दिये जाने हेतु प्रोत्साहित किया जाये। उन्होने कहा कि मेरठ जनपद में पंचायतो में कई नवाचार देखे जा सकते है जिसके लिए समय-समय पर मा0 आयुक्त महोदय का मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा है। ग्राम प्रधानो के द्वारा किये गये कार्यों की सराहना करते हुये उन्होने कहा कि जो यह ठान लेते है उसे पूरा करके ही छोडते है। निश्चित ही पंचायतो में कूडा प्रबंधन सहित स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत समस्त सेवाओ को सुचारू रूप से क्रियान्वित किया जायेगा।
इस अवसर पर मोहिउद्दीनपुर ग्राम पंचायत में स्वच्छता के लिए किये गये कार्यों की वीडियो के द्वारा भी प्रजेन्टेशन दिया गया तथा निदेशक महोदय के समक्ष मेरठ के दस ग्राम पंचायत अध्यक्ष ने भी पंचायत में कूडा प्रबंधन, पेंटिंग, स्लोगन, सोखता गड्डा, फिल्टर चैम्बर इत्यादि स्वच्छता कार्यक्रमो के संबंध में प्रजेन्टेशन दिया।
इस अवसर पर मंडल के समस्त मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, पंचायत राज विभाग के समस्त अधिकारीगण एवं आमंत्रित ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव इत्यादि उपस्थित रहे।