uttar pradesh
Trending

UP BJP के नए अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी आज संभालेंगे अपना कार्यभार, पोस्टरों से पटा पड़ा लखनऊ

उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के नए बने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी आज 29 अगस्त को अपना कार्यभार संभालने जा रहे है। वह राजधानी लखनऊ का कार्यभार संभालेंगे। जिसके लिए राजधानी उनका स्वागत करने के लिए तैयार है।

लखनऊः उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के नए बने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी आज 29 अगस्त को अपना कार्यभार संभालने जा रहे है। वह राजधानी लखनऊ का कार्यभार संभालेंगे। जिसके लिए राजधानी उनका स्वागत करने के लिए तैयार है। उनका स्वागत करने के लिए उनकी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भारी संख्या में यहां पहुंचने के लिए रवाना हो गए है। जिलें में जगह जगह पोस्टर लगा कर उनके स्वागत की तैयारी की गई है।

बता दें कि आज सोमवार के दिन भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी राजधानी पहुंचेगे। यहां वह अपना कार्यभार संभालेंगे। उनके स्वागत के लिए शहर पूरी तरह से सजाया गया है। बताया जा रहा है कि भूपेंद्र चौधरी दोपहर 12.30 बजे चारबाग स्टेशन पर पहुंचेंगे, यहां रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत होगा। इस स्वागत व पदभार ग्रहण कार्यक्रम को राजधानी में अभूतपूर्व बनाया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने बताया कि लखनऊ आगमन पर चौधरी दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पर अंत्योदय के प्रणेता को पुष्पांजलि करके पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के प्रदेश कार्यालय मुख्यालय की ओर बढ़ेंगे।

मार्ग में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाने के बाद वह लोकभवन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके पश्चात पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और फिर यात्रा मार्ग में महारानी अवंती बाई की प्रतिमा को नमन करते हुए अटल चौक स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर तथा जीपीओ पार्क स्थित महात्मा गांधी व सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उनको नए अध्यक्ष की कमान सौंपेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ रहेंगे मौजूद
इस पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित केंद्र सरकार के मंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

दरअसल, राममंदिर आंदोलन के दौरान बीजेपी का दामन थामा और स्थानीय कार्यकर्ता से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने वाले भूपेंद्र सिंह चौधरी संगठन के माहिर माने जाते हैं। जाट समाज से हैं और मुरादाबाद से आते हैं, जो पश्चिमी यूपी बेल्ट के साथ-साथ रुहेलखंड के इलाके में तक अपना असर रखते हैं। इसीलिए बीजेपी ने 2024 के चुनाव से पहले भूपेंद्र सिंह को सूबे का ‘चौधरी’ बनाकर ऐसा दांव चला है, जिससे विरोधी दलों को अपने कदम जमाने के तरह कोई जमीन खाली न मिले।

आज लखनऊ में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लखनऊ आगमन पर आज ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। चारबाग रेलवे स्टेशन से अटल चौक हजरतगंज तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। बताया जा रहा है कि दिन में 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं मेडिकल और इमरजेंसी में ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155, 6389304141 ,6389 304242 पर सहायता मांगी जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button