वाराणसी में एक ही गली के निर्माण पर दो बार सरकारी धन मंजूर! पहले 17.88 लाख, फिर 21.33 लाख की स्वीकृति; कांग्रेस ने उठाए सवाल

वाराणसी में एक ही गली के निर्माण पर दो बार सरकारी धन मंजूर! पहले 17.88 लाख, फिर 21.33 लाख की स्वीकृति; कांग्रेस ने उठाए सवाल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र स्थित दनियालपुर वार्ड में एक ही गली के निर्माण के लिए दो बार धनराशि स्वीकृत होने और अलग-अलग शिलापट्ट लगाए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग और चुनाव से पहले राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश करार दिया है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बुधवार को आरोप लगाया कि दनियालपुर की करीब 300 मीटर लंबी गली के निर्माण के लिए नगर निगम ने लगभग तीन महीने पहले 17.88 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास कराया था। उस समय लगाए गए शिलापट्ट पर महापौर, संबंधित पार्षद और क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल का नाम भी दर्ज था। इसके बावजूद अब उसी गली के लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के तहत विधायक निधि से 21.33 लाख रुपये स्वीकृत कराकर नया शिलापट्ट लगाकर पुराना बोर्ड हटा दिया गया।

चौबे ने सवाल उठाया कि जब नगर निगम पहले ही इस कार्य का शिलान्यास कर चुका था और उसमें क्षेत्रीय विधायक की सहभागिता भी दर्ज थी, तो महज तीन महीने बाद उसी कार्य के लिए दोबारा धनराशि स्वीकृत कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी? दोनों योजनाओं की लागत में 3.45 लाख रुपये का अंतर भी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले आचार संहिता लागू होने की संभावना के बीच एक ही गली के लिए दोबारा धन स्वीकृत कराना और पुराना शिलापट्ट हटाकर नया लगाना कई सवाल खड़े करता है। यह मामला केवल दो शिलापट्टों का नहीं, बल्कि नगर निगम के बजट और विधायक निधि के इस्तेमाल में पारदर्शिता का है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पूरे प्रकरण की जांच कराने और यह स्पष्ट करने की मांग की कि जब गली का निर्माण पहले ही नगर निगम की योजना में शामिल था, तो विधायक निधि से दोबारा धनराशि क्यों स्वीकृत की गई। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा वास्तविक विकास कार्यों पर खर्च होना चाहिए, न कि राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ में।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *