‘2027 में दो-तिहाई बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार’, लाल सिंह आर्य ने किया जीत का दावा

‘2027 में दो-तिहाई बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार’, लाल सिंह आर्य ने किया जीत का दावा

कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का माहौल बना है। प्रदेश में दंगे बंद हुए हैं और अपराधियों में कानून का डर है। भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी। यह बातें सोमवार को कानपुर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहीं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को अपने कार्यक्रम आयोजित करने और मोर्चा निकालने का अधिकार है, लेकिन जनता का भरोसा भाजपा और उसके नेतृत्व पर है। प्रदेश सरकार गरीब कल्याण की योजनाओं के जरिए समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है। विपक्ष के भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों पर उन्होंने इंडी गठबंधन और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि इनके शासनकाल में पेपर लीक, परीक्षा घोटाले और भ्रष्टाचार की घटनाएं हुईं। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टी रही है।

सपा और बसपा की ओर से दलित, ब्राह्मण और मुस्लिम समीकरण के सहारे 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर लाल सिंह आर्य ने कहा कि किसी एक जाति के सहारे सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। भाजपा को दलित, पिछड़े, ब्राह्मण, क्षत्रिय समेत सभी वर्गों और धर्मों का समर्थन मिल रहा है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रही है।

सपा सरकार के कार्यकाल में बनाए गए स्कूलों और अन्य योजनाओं को आगे बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि अगर सपा ने अपने समय में शुरू किए गए स्कूलों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया होता तो जनता उसे चुनाव में नहीं हराती। जनता को शिक्षा के साथ शांति, सुरक्षा और बेहतर जीवन भी चाहिए। विकास केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी क्षेत्रों में काम करना जरूरी है।

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि देश में रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी प्रगति हो रही है। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लगातार काम हो रहा है। इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसी महान विभूतियों को सम्मान देने का काम किया जा रहा है।

भाजपा में टिकट वितरण और संगठन की एकजुटता पर उन्होंने कहा कि पार्टी किसी व्यक्ति के आधार पर नहीं, बल्कि विचारधारा पर चलती है। टिकट की घोषणा से पहले दावेदार अपनी बात रखते हैं, लेकिन प्रत्याशी घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ता और दावेदार पार्टी के उम्मीदवार को जिताने में जुट जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी।

लाल सिंह आर्य ने कांग्रेस और सपा पर दलितों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने संत रविदास, कांशीराम और मायावती से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का दलित समाज भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *