9 महीने से भी कम समय में HPV टीकाकरण का बड़ा रिकॉर्ड, 1 करोड़ से ज्यादा डोज लगने पर उपराष्ट्रपति ने की तारीफ

9 महीने से भी कम समय में HPV टीकाकरण का बड़ा रिकॉर्ड, 1 करोड़ से ज्यादा डोज लगने पर उपराष्ट्रपति ने की तारीफ

नई दिल्ली। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभियान शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में देशभर में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना की है।

उपराष्ट्रपति ने स्वास्थ्यकर्मियों को दी बधाई

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नौ महीने से भी कम समय में एचपीवी वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराक देना सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में बड़ी कामयाबी है। उन्होंने देशव्यापी अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने में जुटे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और सभी स्वास्थ्यकर्मियों की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिली यह उपलब्धि निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, किशोरियों की सुरक्षा करने और महिलाओं की आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ भविष्य तैयार करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह स्वस्थ भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।

14 वर्ष की किशोरियों को मुफ्त दी जा रही वैक्सीन

फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक मुफ्त दी जा रही है। यह टीकाकरण माता-पिता की सहमति से सुरक्षित और स्वैच्छिक तरीके से किया जाता है।

अभियान के तहत सालाना करीब 1.2 करोड़ किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अब तक लक्ष्य के मुकाबले लगभग 87 प्रतिशत टीकाकरण पूरा किया जा चुका है। नौ महीने से कम समय में एक करोड़ से अधिक खुराक दिया जाना इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

छह राज्यों ने हासिल किया 100 प्रतिशत कवरेज

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभियान की उपलब्धि साझा की थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अभियान शुरू किए जाने के नौ महीने से भी कम समय में यह उपलब्धि हासिल हुई है।

नड्डा ने गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल करने पर बधाई दी थी। उन्होंने बताया था कि देश के 12 राज्यों ने भी 80 प्रतिशत टीकाकरण का आंकड़ा पार कर लिया है।

एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। ऐसे में किशोरियों का समय पर टीकाकरण इस बीमारी की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *