सिसौली (मुजफ्फरनगर)। सिसौली में समाजवादी पार्टी के नेता अभिजीत बालियान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और संशोधन कराने का अभियान चलाया। इस दौरान सिसौली के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ मिलकर पात्र लोगों के नए वोट बनवाने और मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में सहयोग किया।

इस मौके पर सपा नेता अभिजीत बालियान ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। चुनाव प्रक्रिया में कोई भी पात्र मतदाता अपने इस अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी वोट बनवाएं और चुनाव में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भागीदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए जरूरी है। इसी उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर लोगों की मदद कर रहे हैं, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें और किसी तरह की त्रुटि को ठीक कराया जा सके।
अभियान के दौरान रोहित बालियान, सन्नी कश्यप, शौबीर बंजी, मोनू कश्यप, सागर खटीक सहित समाजवादी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
