मुजफ्फरनगर के कल्याणकारी कन्या इंटर कॉलेज में बाल सुरक्षा और महिला अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ ली शपथ

मुजफ्फरनगर के कल्याणकारी कन्या इंटर कॉलेज में बाल सुरक्षा और महिला अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ ली शपथ

मुजफ्फरनगर। जग्गाहेड़ी स्थित कल्याणकारी कन्या इंटर कॉलेज में बच्चों की सुरक्षा, बाल श्रम, बाल विवाह और महिलाओं के अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीण समाज विकास केंद्र और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त प्रयास से हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह न करने और अपने आसपास होने वाले बाल विवाह के मामलों के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसके साथ ही बाल श्रम को रोकने और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

ग्रामीण समाज विकास केंद्र के सचिव मेहर चंद ने बताया कि बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें शोषण तथा सामाजिक कुरीतियों से बचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी समस्याओं को केवल कानून के माध्यम से समाप्त नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और बाल विवाह या बाल श्रम जैसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति भी जागरूक किया गया। आयोजकों ने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है तथा बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *