मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत; बेटे ने साथी संग चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत; बेटे ने साथी संग चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा घासीपुरा कट से आगे भगतजी रेस्टोरेंट के सामने मुख्य सड़क पर हुआ। मृतक अपने घर से साइकिल पर सवार होकर खेत की ओर जा रहे थे। आरोप है कि पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे ट्रक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संयोग से मृतक का बेटा और उसका साथी भी वहां पहुंच गए। दोनों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चालक के शराब के नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है।

भगतजी रेस्टोरेंट के सामने हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव घासीपुरा निवासी रामबीर सिंह पुत्र रामसिंह साइकिल से अपने खेत पर जा रहे थे। जैसे ही वह घासीपुरा कट से आगे भगतजी रेस्टोरेंट के सामने मुख्य सड़क पर पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक संख्या MH-46BF-8505 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामबीर सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पिता का शव देखकर बेटे के उड़े होश

हादसे के दौरान मृतक का बेटा अरविंद सैनी अपने साथी रोहित पुत्र रामकुमार निवासी घासीपुरा के साथ मंसूरपुर से गांव लौट रहा था। मुख्य सड़क पर भीड़ देखकर दोनों मौके पर पहुंचे। वहां अपने पिता रामबीर सिंह को मृत अवस्था में सड़क पर पड़ा देखकर अरविंद सैनी के होश उड़ गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बेटे और साथी ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

मृतक के बेटे अरविंद सैनी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, हादसे के बाद उसने अपने साथी रोहित के साथ मिलकर ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। पूछताछ में उसने अपना नाम रहीस अहमद पुत्र हबीब अहमद निवासी गांव मेंहगी, थाना तितरो, जनपद सहारनपुर बताया। इसके बाद दोनों ने चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

मंसूरपुर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद अरविंद सैनी ने मंसूरपुर थाने पहुंचकर आरोपी चालक के खिलाफ लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ट्रक चालक रहीस अहमद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। चालक के नशे में होने के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *