20 नवंबर को मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, चार माह बाद जागेंगे भगवान विष्णु; शुरू होंगे मांगलिक कार्य

20 नवंबर को मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, चार माह बाद जागेंगे भगवान विष्णु; शुरू होंगे मांगलिक कार्य

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में हरिप्रबोधिनी एकादशी (देवउठनी एकादशी) को लेकर सनातनी श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाई जाएगी। इसी के साथ संतों का चातुर्मास समाप्त होगा और भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागेंगे। देवउठनी एकादशी से ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो जाएगी।

सनातन धर्म में देवोत्थान या देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। वहीं, घरों और मंदिरों में विशेष मंडप सजाकर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संबंधी अनुष्ठान संपन्न कराए जाते हैं। इसके अलावा नए गन्ने का नेवान (चूसने) की परंपरा भी निभाई जाती है।

ज्योतिषविद आचार्य रविंद्र तिवारी के अनुसार, एकादशी तिथि का प्रारंभ 19 नवंबर, गुरुवार की रात लगभग दो बजे होगा और इसका समापन 20 नवंबर, शुक्रवार की रात करीब दो बजे होगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 2:25 बजे से भद्रा लग जाएगी। ऐसे में तुलसी-शालिग्राम विवाह का अनुष्ठान भद्रा प्रारंभ होने से पहले संपन्न करना उचित होगा।

आचार्य तिवारी ने बताया कि शुक्रवार की आधी रात के बाद भोर में 3:49 बजे भद्रा समाप्त होगी। इसके बाद विवाह आदि मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध होंगे। देवउठनी एकादशी के साथ ही चार माह से स्थगित विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजनों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा।

गौरतलब हो कि सनातन धर्म में मान्यता है कि भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी (देवशयनी एकादशी) को क्षीरसागर में योगनिद्रा में जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं।

इन चार महीनों की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है, जिसमें संयम के नियम माने जाते हैं और मांगलिक कार्य प्रायः रुके रहते हैं। भगवान विष्णु के जागने के बाद विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे शुभ कार्यों का दौर फिर से शुरू होता है। इस पर्व पर तुलसी विवाह की मंगल परंपरा भी जुड़ी हुई है। भगवान शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न होता है। घरों में तुलसी के पौधे को सजाया जाता है और दीप जलाकर पूजा की जाती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *