यूपी चुनाव 2027: निषाद पार्टी प्रयागराज मंडल की पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में, संजय निषाद ने किया ऐलान

यूपी चुनाव 2027: निषाद पार्टी प्रयागराज मंडल की पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में, संजय निषाद ने किया ऐलान

प्रयागराज। निषाद पार्टी ने वर्ष 2017 में एक विधायक और 2022 में 11 कार्यकर्ताओं काे विधायक बनाकर अपने आलोचकों को जवाब दिया। अब पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रयागराज की करछना, हंडिया और बारा सहित पूरे मंडल की पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कार्यकर्ता पुराने साथियों को जोड़कर संगठन को मजबूत करें और चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। यह बातें निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित नवनियुक्त मंडलीय एवं जनपदीय कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में कहीं।

डॉ. संजय निषाद ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। जब 11 वर्ष पहले पार्टी का गठन किया गया था, तब लोग निषाद समाज की अपनी पार्टी बनने पर हंसते थे। हमने उन्हें संघर्ष और टकराव से नहीं, बल्कि चुनाव में अपनी ताकत दिखाकर जवाब दिया। वर्ष 2017 में एक विधायक और 2022 मे 11 कार्यकर्ता विधायक निर्वाचित हुए। इनमें छह पार्टी के सिंबल पर चुनाव जीते और बाकी गठबंधन की पार्टियाें से।

उन्होंने कहा कि पहले जब वह प्रयागराज आते थे और निषाद समाज के इतिहास, पूर्वजों की जमीन तथा महाराज गुह्यराज निषाद के गौरव को स्थापित करने की बात करते थे, तब लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते थे। आज केंद्र और प्रदेश सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम को नई पहचान दी है। यहां भगवान श्रीराम और महाराज गुह्यराज निषाद की गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा, पार्क और संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। अयोध्या में भी राम मंदिर के साथ अतिथि गृह का नाम महाराज गुह्यराज निषाद के नाम पर रखा गया है।

मंत्री ने कहा कि यह सम्मान निषाद समाज और पार्टी के कार्यकर्ताओं के संघर्ष एवं समर्पण का परिणाम है। पार्टी समाज की खोई हुई पहचान, गौरव और सम्मान को फिर से स्थापित करने के लिए प्रयास करती रहेगी।

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रयागराज की दो सीटों पर पार्टी ने चुनाव लड़ा था। इस बार करछना, हंडिया और बारा विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। इसके साथ ही पूरे मंडल की पांच सीटों पर संगठन अपनी तैयारी कर रहा है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के जनसंपर्क अधिकारी राजीव यादव बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों से पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ काम करने का आह्वान किया। कहा कि आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *