बिजनौर में गुलदारों की दहशत: 24 घंटे में दूसरा गुलदार पिंजरे में कैद, ग्रामीण बोले- इलाके में अभी और भी मौजूद

बिजनौर में गुलदारों की दहशत: 24 घंटे में दूसरा गुलदार पिंजरे में कैद, ग्रामीण बोले- इलाके में अभी और भी मौजूद

बिजनौर। उत्तर प्रदेश में जनपद बिजनौर के थाना नहटौर क्षेत्र स्थित गांव नरगदी नवादा में 24 घंटे के भीतर दूसरा गुलदार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया हैं। दो दिन में लगातार दो गुलदार पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी और भी गुलदार दिखाई दे रहे हैं।

शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कुछ किसान खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वन विभाग के पिंजरे में गुलदार को कैद देखा। किसानों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। गुलदार पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पिंजरे में बंद गुलदार के वीडियो बनाने लगे।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। डिप्टी वन रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम पिंजरे में कैद गुलदार को रेंज कार्यालय धामपुर ले जा रही है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम कर रही है।

उन्हाेंने बताया कि गुरुवार को भी गांव में एक गुलदार पिंजरे में कैद हुआ था। वह पिंजरा कुंवर नरेश सिंह के खेत में लगाया गया था।दूसरे पिंजरे में आज गुलदार कैद हुआ है। ग्राम प्रधान अज़हर अली ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी अन्य गुलदार दिखाई दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों को खेतों पर आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। इन गुलदाराें काे पकड़ने का अनुराेध वन विभाग से किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *