वाराणसी पहुंचे PM मोदी, 150 करोड़ की अरविंद लिमिटेड यूनिट का करेंगे उद्घाटन; गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का दम

वाराणसी पहुंचे PM मोदी, 150 करोड़ की अरविंद लिमिटेड यूनिट का करेंगे उद्घाटन; गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का दम

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार पूर्वांह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री विशेष विमान से जैसे ही एप्रन पर उतरे वहां पहले से मौजूद विशिष्ट जनों ने पुष्पगुच्छ देकर उनकी अगवानी की। इस दौरान एयरपोर्ट के एप्रन पर ही प्रदेश के वित्त एवं संसदीय और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना,अन्य जनप्रतिनिधि,भाजपा पदाधिकारी और जिले के प्रशासनिक अफसर भी स्वागत के लिए कतारबद्ध रहे। एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री मिर्जामुराद खोचवां के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। प्रधानमंत्री मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे और नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का प्रदर्शन देखेंगे।

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ के अंतिम दिन गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य विमानों के हवाई करतब देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी रहेगी।

काशी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगभग 4ः30 घंटे के प्रवास को देखते हुए उनके कार्यक्रम स्थल और आने-जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास का पूरा इलाका नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। आसपास के मकानों के छतों पर फोर्स की तैनाती के साथ सीसीटीवी व ड्रोन के जरिए एक-एक गतिविधि की निगरानी हो रही है।

प्रधानमंत्री खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। इस इकाई में लगभग 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। इससे क्षेत्र में महिला रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की निवेश प्रोत्साहन पहल ‘इन्वेस्ट यूपी’ के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की यह इकाई स्थापित की गई है। यहां अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधान तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों के निर्यात की भी योजना है। इकाई में उत्पादन के साथ स्थानीय महिलाओं के प्रशिक्षण और रोजगार पर भी जोर दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *