सहारनपुर की दया शुगर मिल पर फिर संकट! गन्ना दूसरी मिलों को डायवर्ट, किसानों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

सहारनपुर की दया शुगर मिल पर फिर संकट! गन्ना दूसरी मिलों को डायवर्ट, किसानों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गागलहेड़ी स्थित दया शुगर मिल के इस पेराई सत्र में संचालन को लेकर संशय गहरा गया है। मिल प्रबंधन की ओर से गन्ना सुरक्षण के लिए प्रस्ताव नहीं दिए जाने और मरम्मत कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर गन्ना आयुक्त ने मिल का गन्ना क्षेत्र आसपास की चीनी मिलों में डायवर्ट कर दिया है। संबंधित मिलों को 15 दिन के भीतर गन्ना खरीद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय जानकारों के अनुसार मिल की लीज फाइनल नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है।

दया शुगर मिल वर्ष 2010 में बसपा सरकार के दौरान बंद हो गई थी। करीब सात वर्ष बाद 2017 में भाजपा सरकार आने पर तत्कालीन गन्ना मंत्री सुरेश राणा के प्रयासों से मिल दोबारा संचालित हुई थी। अब एक बार फिर प्रबंधन के रवैये को लेकर मिल के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं।

मिल प्रबंधन के अनुसार मरम्मत का करीब 51 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि जीएम धनराज ने अधिकारियों को गुमराह किया है और मिल में मरम्मत कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ। इससे किसानों में आक्रोश है।

मिल बंद रहने की स्थिति में करीब 100 गांवों के किसानों और 300 से अधिक कर्मचारियों के परिवारों पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। किसानों का कहना है कि इससे आगामी चुनाव में भाजपा को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

विरोध में किसानों ने 22 अक्टूबर को गागलहेड़ी से सहारनपुर कलक्ट्रेट तक करीब 15 किलोमीटर मार्च निकाला और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मिल चालू नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने 2010 से 2017 तक मिल बंद रहने के दौरान हुई परेशानियों का हवाला देते हुए मिल बंद करने के पीछे किसी अन्य उद्देश्य की आशंका जताई और जांच की मांग की।

विधायक ने सीएम को लिखा पत्र

सहारनपुर देहात विधायक आशु मलिक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मिल का पेराई सत्र समय से शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने मिल के निर्धारित गन्ने का आवंटन दूसरी मिलों को किए जाने की निष्पक्ष जांच कराने का भी अनुरोध किया है। विधायक ने कहा कि मिल से हजारों किसान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *