मीरजापुर में बेलन नदी में मिला नवविवाहिता का शव, रामलीला देखने निकली थी नीतू; मौत की जांच जारी

मीरजापुर में बेलन नदी में मिला नवविवाहिता का शव, रामलीला देखने निकली थी नीतू; मौत की जांच जारी

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में लालगंज थाना क्षेत्र में कोटाघाट पुल के नीचे बेलन नदी में बुधवार सुबह 26 वर्षीय विवाहिता का शव उतराया मिला है। नदी में शव की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल के पास पुल के डिवाइडर के समीप महिला की चप्पल और दुपट्टा भी मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, हलिया थाना क्षेत्र के मवई कला गांव निवासी फूलचंद की पत्नी नीतू (26) मंगलवार शाम करीब पांच बजे कोटाघाट में रामलीला देखने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। बुधवार सुबह बेलन नदी में उसका शव मिलने की खबर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। नीतू की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

सीमा विवाद में दो घंटे उलझी रही पुलिस

शव मिलने के बाद घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है, इसे लेकर दाे थानाें की पुलिस के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। लालगंज की तिलाव चौकी के प्रभारी अनिल सिंह ने घटनास्थल को हलिया थाना क्षेत्र में बताया। इसके बाद हलिया थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गए। हालांकि, लेखपाल सहित अन्य लोगों ने कोटाघाट पुल और घटनास्थल को लालगंज थाना क्षेत्र में बताया। इसके चलते करीब दो घंटे तक कार्रवाई को लेकर असमंजस बना रहा। बाद में लालगंज पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की।

लालगंज थाना के तिलाव चौकी प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *