जौनपुर। यूपी के जौनपुर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन जौनपुर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्मृति में परेड आयोजित की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपने संबोधन में बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया। उन्होंने उनकी शौर्यगाथा का उल्लेख करते हुए कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा को प्रेरणादायक बताया।

इसके बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर चंद्रशेखर एवं ग्रामीण आतिश कुमार सिंह सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन और उपस्थित पुलिसकर्मियों के साथ ‘पावन स्मृति पुस्तिका’ का पाठ किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और पुष्पचक्र अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को याद किया गया।


