बागपत में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा बढ़ी, डीएम-एसपी ने रात में किया निरीक्षण

बागपत में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा बढ़ी, डीएम-एसपी ने रात में किया निरीक्षण

बागपत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देशों के बाद बागपत में पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने रामनवमी और विजयदशमी के मद्देनजर रात में पुलिस बल के साथ बागपत शहर में पैदल गश्त की। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुर्गा पंडालों का निरीक्षण किया।

इस दौरान डीएम और एसपी ने दुर्गा पंडाल में पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने लोगों से त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। पुलिस बल को भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्गा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, एंट्री-एग्जिट और बिजली व्यवस्था की जांच के निर्देश देते हुए अधिकारियों को फील्ड में रहने को कहा गया।

बता दें कि बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान हुए हादसे के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि अधिकारी स्वयं पंडालों में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच करें। प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था हो। मुख्यमंत्री ने पंडालों में विद्युत व्यवस्था की भी जांच कराने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। जिसके चलते बागपत में पुलिस-प्रशासन ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। अधिकारियों का जोर है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए जाएं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *