प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में संग्रामगढ़ थाना अंतर्गत एक गांव में मां और उसके दो साल के मासूम बेटे की मौत से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने रविवार काे ससुरालियाें पर हत्या का आराेप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

संग्रामगढ़ थाना अंतर्गत लालू पट्टी गांव निवासी सुरेश की शादी करीब दस साल पहले नीता(30) से हुई थी। दंपति के दो साल का बेटा ईशु था। आज सुबह विवाहिता नीता और उसके बेटे ईशु की संदिग्ध हालत में मौत की घटना प्रकाश में आई। मामले में मायके पक्ष के लाेगाें ने दामाद सुरेश पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने मासूम बच्चे समेत बेटी की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृतक महिला के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। वहीं आराेपित पति सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मां बेटे के शवाें काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके वालों की तहरीर के आधार पर आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

