गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना विजयनगर पुलिस ने एक 28 वर्षीय युवती के साथ बलात्कार करने के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को आज तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है।

सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडे ने बताया कि एक युवती ने थाना विजयनगर में एक दिन पूर्व रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो लोगों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया तथा उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती के साथ बलात्कार करने वाले आरोपित बाइक पर सवार होकर शालीमार नगर स्थित जल निगम प्लांट के पास से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर थाना विजयनगर के प्रभारी धर्मपाल सिंह और उनकी टीम में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिए पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर गोली चलाकर भागने लगे।

उन्होंने बताया जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली मुस्तकीम (48) निवासी चमन कॉलोनी विजय नगर और प्रदीप (40) निवासी सिद्धार्थ बिहार विजयनगर के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि मुस्तकीम ने युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर बलात्कार किया था, जबकि आरोपित प्रदीप मौके पर खड़ा था। उन्होंने बताया कि मुस्तकीम के दोनों पैरों में गोली लगी है।

