बागपत। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के सहवानपुर गांव के पास शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई।

मृतक की पहचान गाजियाबाद के निठारी गांव निवासी चेतन (26) पुत्र बबलू के रूप में हुई है। चेतन चिरोड़ी, गाजियाबाद में रहकर पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। शनिवार- रविवार रात वह ललियाना मेले में रागनी कंपटीशन देखने गया था। वहां से बाइक से चिरोड़ी लौटते समय सहवानपुर गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार भाेर में करीब तीन बजे गांव के सतबीर ने चेतन को बाइक के पास पड़ा देखा।

उन्होंने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चांदीनगर पुलिस ने युवक की जांच की और उसके पास मिले आधार कार्ड से पहचान की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया। चांदीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिली थी मौके पर जाकर देखा तो बाइक सवार युवक पड़ा हुआ था। उसे बागपत अस्पताल भेजा गया लेकिन डॉक्टरों ने से मृत घोषित कर दिया।

