जौनपुर के कबूलपुर में रामलीला का मंचन, ताड़का वध के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

जौनपुर के कबूलपुर में रामलीला का मंचन, ताड़का वध के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले में सिरकोनी क्षेत्र स्थित कबूलपुर बाजार में श्री दया नारायण लीला समिति के रंगमंच पर शनिवार रात फुलवारी चरित्र, अहिल्या उद्धार और ताड़का वध की लीला का मंचन किया गया। ताड़का वध के दृश्य के दौरान रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

लीला का शुभारंभ राक्षसों के उपद्रव से परेशान महर्षि विश्वामित्र के राजा दशरथ के पास पहुंचने और यज्ञ की रक्षा के लिए राम-लक्ष्मण को मांगने के प्रसंग से हुआ। इसके बाद भगवान राम और लक्ष्मण द्वारा यज्ञ में विघ्न डालने वाले ताड़का, सुबाहु और अन्य राक्षसों का वध करने का मंचन किया गया। अहिल्या उद्धार के प्रसंग ने भी दर्शकों को भावविभोर किया।

इसके बाद जनकपुर में मीना बाजार और फुलवारी चरित्र की लीला प्रस्तुत की गई। राजा जनक को जब भगवान राम और लक्ष्मण के अयोध्या से आने की जानकारी मिली तो उन्होंने अपने मंत्री को महर्षि वशिष्ठ के पास संदेश देकर भेजा और दोनों भाइयों से नगर में प्रवेश करने का आग्रह किया।

राम की भूमिका में बाल कलाकार देव श्रीवास्तव और लक्ष्मण की भूमिका में वैदिक प्रताप श्रीवास्तव ने अपने अभिनय से दर्शकों की सराहना बटोरी। मारीच की भूमिका राम आसरे मिश्रा, सुबाहु की डॉ. आरएस नागर, ताड़का की मुन्ना गुप्ता, विश्वामित्र की अतुल सिंह, दशरथ की योगेश श्रीवास्तव और जनक की भूमिका प्रिंस श्रीवास्तव ने निभाई। पुरबालक की भूमिका उमंग श्रीवास्तव और मोनू गुप्ता ने निभाई।

व्यासपीठ से जगन्नाथ चौहान ने रामचरितमानस की चौपाइयों का पाठ कर वातावरण भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर अनिल पाठक, डॉ. बद्रीनाथ यादव, पिंटू श्रीवास्तव, संजय यादव, मुकेश जायसवाल, सोनू यादव, मिताई जायसवाल, रमेश चंद्र जायसवाल, भूपेश श्रीवास्तव, ज्ञानेश श्रीवास्तव, अजय बेनवंशी, अंकित श्रीवास्तव और राजू बेनवंशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *