बहराइच: कतर्नियाघाट जंगल में मिला लापता रामप्रवेश का कंकाल, वन्यजीव के हमले की आशंका

बहराइच: कतर्नियाघाट जंगल में मिला लापता रामप्रवेश का कंकाल, वन्यजीव के हमले की आशंका

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट जंगल में देर रात एक अधेड़ व्यक्ति का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान मुर्तिहा क्षेत्र के भगड़िया निवासी रामप्रवेश (50) के रूप में हुई। वह करीब डेढ़ महीने से लापता था। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रामप्रवेश मानसिक रूप से बीमार था। पत्नी को छोड़कर चले जाने के बाद वह अक्सर घर से गायब हो जाता था। करीब डेढ़ महीने पहले वह जंगल की ओर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोग उसकी तलाश कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि जंगल का रास्ता खराब होने के कारण इन दिनों लकड़ी एकत्रित करने वाले लोग वहां नहीं जा रहे थे। बारिश के बाद कीचड़ सूखने पर कुछ लोग लकड़ी बीनने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों में हड्डियों का ढांचा दिखाई दिया। पास में मिले कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान रामप्रवेश के रूप में की गई।

कंकाल मिलने की सूचना पर रेंजर केके सिंह और कोतवाल यतींद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल यतीन्द्र सिंह ने बताया कि, रामप्रवेश की मौत किसी वन्यजीव के हमले में होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *