बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरहवा नहर में बोरी में बंद मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के गंधरिया बुजुर्ग गांव निवासी आकाश कसौंधन (30) के रूप में हुई है। वह मुंबई में मजदूरी करता था। युवक का शव मिलने के बाद से ही पुलिस उसकी मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को शंकरपुर इलाके के पिपरहवा नहर में एक बोरी के अंदर युवक का शव मिला था। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया और आसपास के जिलों में प्रसारित कराई थीं। आशंका जताई जा रही थी कि युवक की हत्या कर शव को बोरी में बंद कर नहर में फेंका गया होगा। सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों के आधार पर मृतक के परिजन बहराइच पहुंचे।

मोर्चरी में रखे शव की पहचान आकाश कसौंधन के रूप में की गई। परिजनों के मुताबिक, आकाश ने सितंबर के अंतिम दिनों में गुजरात जाने की बात कही थी। हालांकि, वह बहराइच कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। नौ सितंबर को उसने आखिरी बार अपनी बहन से बातचीत की थी। मटेरा थाना प्रभारी प्रेम पाल सिंह ने बताया कि युवक का शव नहर में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

