कानपुर। कानपुर बैराज में गंगा का जलस्तर सोमवार को 114.230 मीटर पहुंच गया। रविवार के मुकाबले जलस्तर में 43 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे यह चेतावनी बिंदु 114 मीटर से 23 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। खतरे के निशान से अभी 77 सेंटीमीटर नीचे जलस्तर है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित विभागों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलस्तर में होने वाले बदलाव की नियमित निगरानी की जाए और निचले इलाकों में किसी तरह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

कानपुर बैराज के डाउनस्ट्रीम में भी जलस्तर बढ़कर 113.820 मीटर पहुंच गया। रविवार को यह 113.530 मीटर था। बैराज से सोमवार को 3,62,559 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
वहीं शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.790 मीटर रहा, जो रविवार के 112.290 मीटर के मुकाबले 50 सेंटीमीटर अधिक है। यहां जलस्तर चेतावनी बिंदु 113 मीटर से 21 सेंटीमीटर नीचे है। बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के अनुसार दोनों स्थानों पर जलस्तर में कमी का रुख दर्ज किया गया है।
हरिद्वार बैराज से 28,409 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 46,443 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।

