वाराणसी में अस्सी घाट पर पर्यटन को मिलेगा नया ‘टच’,9.84 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग और 2.14 करोड़ का फूड प्लाजा, जाम-अतिक्रमण पर भी सख्ती

वाराणसी में अस्सी घाट पर पर्यटन को मिलेगा नया ‘टच’,9.84 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग और 2.14 करोड़ का फूड प्लाजा, जाम-अतिक्रमण पर भी सख्ती

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में नगर निगम ने पर्यटन को बढ़ावा देने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर खासा जोर दिया है। खासकर अस्सी घाट और भदैनी क्षेत्र में यातायात को सुचारू बनाने तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से 9.84 करोड़ रुपये की लागत से मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग और 2.14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फूड प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं की प्रगति और सफाई व्यवस्था का जायजा के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट, पुष्कर कुंड, रवींद्रपुरी तथा भेलूपुर सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान नगर आयुक्त ने अस्सी फूड प्लाजा के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने और अगले एक महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सोमवार को बताया कि अस्सी फूड प्लाजा के बनने से यहां सुबहे-बनारस का आनंद लेने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को बनारसी खान-पान का एक नया और आधुनिक अनुभव मिलेगा। घाट किनारे लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत दिलाने के लिए मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग बन रही है। अस्सी से पुष्कर कुंड जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग रोड की मरम्मत, नाली निर्माण और डामर सड़क के किनारों के सौंदर्यीकरण के आदेश भी दिए गए हैं। पुष्कर कुंड क्षेत्र में गलियों के चौड़ीकरण और मार्ग में आने वाले अवैध अतिक्रमणों को हटाने का निर्देश दिया गया है। पुष्कर कुंड जल की स्वच्छता और रखरखाव को बेहतर करने के लिए पूरी तलहटी से सफाई कराने के निर्देश जारी किए गए।

उन्होंने बताया कि इलाके के शौचालयों और जन-सुविधाओं की समीक्षा करते हुए पाया कि कतिपय स्थानों (जैसे गुरुधाम मार्ग व अस्सी घाट स्थित ‘नो वाटर यूज’ यूरिनल/टॉयलेट) पर निर्धारित रेट लिस्ट और मानक सुविधाएं (जैसे हैंड ड्रायर आदि) उपलब्ध नहीं थीं। अब शहर के सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों में निर्धारित रेट लिस्ट चस्पां करने तथा सभी मानक सुविधाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *