गुजरात एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा! बस-ट्रक की जोरदार टक्कर में 5 यात्रियों की मौत, 5 घायल

गुजरात एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा! बस-ट्रक की जोरदार टक्कर में 5 यात्रियों की मौत, 5 घायल

सूरत/आणंद। अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर आणंद और नडियाद के बीच बुधवार तड़के साई दर्शन ट्रैवल्स की बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल बताए गए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साई दर्शन ट्रैवल्स की निजी लग्जरी बस सूरत से राजस्थान जा रही थी। बुधवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच बस आणंद से नडियाद की ओर जा रही थी, तभी उसकी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक हुए धमाके से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बस के भीतर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सूरत निवासी घायल धनेश जादव ने बताया कि वह सूरत से बस में सवार हुए थे। उन्होंने कहा कि सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ। उस समय बस में लगभग सभी यात्री सो रहे थे। हादसे के बाद बस के अंदर और आसपास चीख-पुकार मच गई।

मृतक के रिश्तेदार निमेषभाई ने बताया कि उन्होंने अपने रिश्तेदार को रात करीब नौ बजे सूरत से बस में बैठाया था। रात करीब सवा तीन बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में उनके बहनोई की मौत हो गई। परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

हादसे की सूचना मिलते ही आणंद ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ मृतकों और घायलों की पहचान की पुष्टि कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *