मुजफ्फरनगर में कॉलेज जाते वक्त मौत का कहर! हाईवे पर बाइक को टूरिस्ट बस ने मारी टक्कर, 19 साल की BTech छात्रा की मौत

मुजफ्फरनगर में कॉलेज जाते वक्त मौत का कहर! हाईवे पर बाइक को टूरिस्ट बस ने मारी टक्कर, 19 साल की BTech छात्रा की मौत

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर छपार थाना क्षेत्र में बढेडी चौराहे के पास तेज रफ्तार टूरिस्ट बस की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय बीटेक छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार बस चालक की तलाश करने की बात कही है।

कॉलेज जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार छपार थाना क्षेत्र के गांव बरला निवासी 19 वर्षीय अलीना अपने चचेरे भाई सादिक के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर स्थित श्रीराम कॉलेज जा रही थी। अलीना बीटेक की छात्रा थी। बताया गया कि दोनों बाइक से दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बढेडी चौराहे के समीप पहुंचे थे।

इसी दौरान हरिद्वार की ओर से पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

अस्पताल में छात्रा को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अलीना को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सादिक का उपचार शुरू किया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। छात्रा की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

हादसे के बाद बस चालक फरार

दुर्घटना के तुरंत बाद टूरिस्ट बस का चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से बस तथा चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सीओ सदर सुनील कुमार के अनुसार छात्रा के शव को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस फरार बस और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *