खतौली शिक्षक संघ में संजय कुमार का दबदबा, लगातार 5वीं बार बने ब्लॉक अध्यक्ष; बबीता मंत्री और प्रवीण कोषाध्यक्ष निर्वाचित

खतौली शिक्षक संघ में संजय कुमार का दबदबा, लगातार 5वीं बार बने ब्लॉक अध्यक्ष; बबीता मंत्री और प्रवीण कोषाध्यक्ष निर्वाचित

खतौली (मुजफ्फरनगर)। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ ब्लॉक खतौली की कार्यकारिणी का चुनाव जीटी रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुआ। चुनाव में वरिष्ठ शिक्षक नेता संजय कुमार को सर्वसम्मति से लगातार पांचवीं बार ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। वहीं बबीता को ब्लॉक मंत्री और प्रवीण कुमार को ब्लॉक कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

चुनाव प्रक्रिया शाहपुर से आए चुनाव पर्यवेक्षक अजय कुमार और बुढ़ाना से आए आदेश कुमार शर्मा की देखरेख में कराई गई। बैठक में मौजूद शिक्षकों ने सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के नाम पर सहमति जताई और नई कार्यकारिणी की घोषणा की।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों ने संगठन को मजबूत करने और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने का संकल्प लिया।

चुनाव में व्यवधान की कोशिश पर कार्रवाई

चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम में व्यवधान डालने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई। चुनाव पर्यवेक्षकों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए ऐसे लोगों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई।

वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में शिक्षक संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजवीर सिंह मलिक, जिलाध्यक्ष संजीव बालियान, प्रदेश प्रवक्ता कंवर पाल बालियान, महामंत्री राजन वशिष्ठ और कोषाध्यक्ष हरपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और शिक्षक हितों के लिए संगठन को सक्रिय रूप से मजबूत करने पर जोर दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *