नोएडा। रबूपुरा थाना क्षेत्र के खेड़ा मोहम्मदाबाद गांव की रहने वाली एक 22 वर्षीय महिला की जहर खाने से मौत हो गई। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी काे ससुराल वालों ने जहर देकर उसकी हत्या की है। उसकी चार माह पूर्व शादी हुई थी। अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि माेहम्मदाबाद ग्राम खेड़ा निवासी याेगेश और उनकी पत्नी नीतू ने सोमवार की देरशाम को अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसके ससुराल वालों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उन्होंने बताया कि महिला की चार माह पूर्व शादी हुई थी। यह उसकी दूसरी शादी थी। अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या की है। हालांकि अभी तक उन्होंने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

