जौनपुर में दुकान के सामने सो रहे 50 वर्षीय उदयराज की हत्या, सिर पर भारी वस्तु से किया वार; जांच में जुटीं 3 पुलिस टीमें

जौनपुर में दुकान के सामने सो रहे 50 वर्षीय उदयराज की हत्या, सिर पर भारी वस्तु से किया वार; जांच में जुटीं 3 पुलिस टीमें

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित गोदाम चौराहे के पास रविवार देर रात दुकान के सामने सो रहे एक व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने वजनदार वस्तु से प्रहार करके हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह गोदाम चौराहे के पास स्थित एक दुकान के सामने सोता था। मानसिक रूप से अस्वस्थ है। रविवार रात किसी समय अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर पर किसी भारी या ठोस वस्तु से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के संबंध में बताया कि मृतक चार भाइयों में से एक था। उसके एक भाई की पहले ही हत्या हो चुकी है, जबकि दूसरा भाई मुंबई में रहकर काम करता है। एक भाई काफी समय से लापता है। मृतक की मां भी कुछ दिन पहले ही कहीं से वापस लौटी हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मृतक शादीशुदा नहीं था।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी देते हुए एएसपी ने बताया कि 28 सितंबर को थाना सिकरारा अंतर्गत गोदाम चौराहे पर उदयराज नाम का व्यक्ति जो भभौरी के रहने वाले है, उसके सिर में चोट कारित करने से मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए। परिजनों और आसपास के लोगों से वार्ता के क्रम में यह जानकारी मिली है कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त थे और यहीं पर यह निवास करते थे। प्रकरण में तत्काल अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

पुलिस कप्तान कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। हत्या किन परिस्थितियों और किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *