लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देश के कई हिस्सों आई बाढ़ पर चिंता जताते हुए केंद्र और राज्य की सरकारों को प्रभावित लोगों को हर स्तर पर मदद करने की अपील की है। इसके अलावा उन्होंने बसपा काे मजबूत करने के इरादे से पार्टी को तीन सेक्टरों में बांटने का भी बड़ा ऐलान किया है। साथ ही कार्यकर्ताओं से प्रभावित लाेगाें की हर स्तर पर मदद करने का भी आग्रह किया है।

बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार काे देश के विभिन्न हिस्साें में हाे रही भारी बारिश से हुए नुकसान व संगठनात्मक फेरबदल समेत छह बिंंदुओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न भागों में भारी वर्षा व आंधी, तूफान आदि के कारण जनता काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे कुदरती विकट हालात में सम्बन्धित सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी-पूरी मदद करनी चाहिये यह पार्टी की मांग है।

इसके साथ ही महाराष्ट्र राज्य के काफी इलाकों में सूखे की मार झेल रहे लोगों व खासकर किसानों के प्रति राज्य सरकार को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि पीड़ितों की जमीनी स्तर पर सही से मदद करके किसानों को फौरी राहत देने का प्रयास करना चाहिये। बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि बसपा को तैयार करने व सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए अब पार्टी संगठन को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। इसके तहत सेक्टर नंबर एक में 10 राज्य आते हैं, जिनको बसपा राज्यसभा सांसद रामजी गौतम व सुरेश राव ये दोनों केन्द्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर यहां पार्टी के सभी कार्य देख रहें हैं। सेक्टर नंबर दो में 9 राज्य आते है, जिनको पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम व पूर्व विधायक अतरसिंह राव ये दोनों केन्द्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर यहां पार्टी के सभी कार्य देख रहें हैं। सेक्टर नंबर तीन में उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड प्रदेश आते है, जिनको लखनऊ पार्टी केन्द्रीय कैम्प कार्यालय नौ माॅल एवेन्यू द्वारा सीधा देखा जा रहा है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि ऐसे में लोगों के कुदरती मार पड़ने से खासकर सेक्टर नंबर एक, सेक्टर नंबर दो के इन चारों केन्द्रीय सेक्टर प्रभारियों से यह अपील की जाती है कि वे अपने-अपने सेक्टर के अन्तर्गत आने वाले सभी राज्यों में, जहां-जहां भारी वर्षा व तूफान आदि के कारण प्रभावित लाेगाें की बसपा के लोग भी अपनी सामर्थ के हिसाब से मदद जरुर करें। लेकिन इसके लिए इनको कोई भी अलग से धन इकट्ठा नहीं करना है। ताकि इसकी आड़ में कोई भी नाजायज फायदा ना उठा सके।
उन्होंने कहा कि जरुरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित प्रदेशों में वह राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनन्द को भी भेज सकती हैं। वह स्वयं सभी राज्यों पर अपनी नजर बनाये हुए हैं। बसपा प्रमुख ने केन्द्र सरकार से भी अनुरोध किया है कि वे देश के ज्यादा प्रभावित हो रहे राज्यों में, वहां कि सरकारों की समय से पूरी-पूरी मदद जरुर करें, जो यह उचित होगा।

