गाजियाबाद में 12वीं मंजिल से गिरकर 9वीं की छात्रा की मौत, बालकनी से कपड़े उतारने गई थी; दो दिन पहले ही रोप स्किपिंग में जीता था गोल्ड मेडल

गाजियाबाद में 12वीं मंजिल से गिरकर 9वीं की छात्रा की मौत, बालकनी से कपड़े उतारने गई थी; दो दिन पहले ही रोप स्किपिंग में जीता था गोल्ड मेडल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जनपद के थाना नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाली एक 14 वर्षीय छात्रा बीती रात को 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। इस घटना में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता सुरेश चंद्र ने बताया कि वह राजनगर रेजिडेंसी के जी-टावर में रहते हैं। उनके फ्लैट में बीती रात को उनकी पत्नी, 14 वर्षीय बेटी प्राची, छोटी बेटी और उनके सास- ससुर मौजूद थे। प्राची डीपीएस स्कूल संजय नगर में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उन्होंने बताया कि देर रात को प्राची बालकनी में सुख रहे कपड़े को उतारने गई थी, तभी अचानक वह असंतुलित होकर 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर सुरक्षा कर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उसे तत्काल गंभीर हालत में उपचार के लिए संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने बताया कि दाे दिन पहले ही वह महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्किपिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर लौटी थी। उसकी इस उपलब्धि से पूरा परिवार खुश था। उनके अनुसार उनकी बेटी पढ़ाई के साथ-साथ खेल और संगीत में भी अव्वल थी।

थाना नंदग्राम के प्रभारी निरीक्षक एस के त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा है कैसे हुआ। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में लगे कैमरों की फुटेज को चेक किया जा रहा है, तथा सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *