मानसून की विदाई से पहले यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज! गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

मानसून की विदाई से पहले यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज! गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

प्रयागराज। भारतीय मौसम विभाग विज्ञान लखनऊ केन्द्र ने मंगलवार काे उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दाैरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी।

माैसम विभाग का कहना है कि मानसून की विदाई के बीच उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, अमेठी, सुलतानपुर और अयोध्या में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ हवा के तेज झोंके चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज के अलावा संत रविदास नगर, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, आजमगढ़, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कानपुर देहात और बाराबंकी तथा आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की विदाई से पहले वातावरण में बनी नमी और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में अचानक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले कुछ दिनों में मौसम की गतिविधियों में और बदलाव देखने को मिल सकता है। किसानों को सलाह है कि खेतों में खुले स्थान पर काम करते समय मौसम पर नजर रखें और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 22 और 23 सितंबर को उत्तर प्रदेश में किसी विशेष चेतावनी का उल्लेख नहीं है, लेकिन 24 सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवा की गतिविधियां बढ़ने तथा 25 से 28 सितंबर के बीच कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और खुले स्थान से दूर रहने की सलाह दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *