मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा में सोमवार रात मेले के दौरान हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब आरोपियों के हमले से बचने के लिए चार युवकों को जान बचाकर भागना पड़ा। पीछा किए जाने पर चारों में से तीन युवक अलग-अलग स्थानों पर छिपकर और नहर से बाहर निकलकर बच गए, जबकि बीस वर्षीय वंश कश्यप गंगनहर में छलांग लगाने के बाद लापता हो गया। युवक के नहर में डूबने की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई गई।

फोन कर युवकों को बेलड़ा बुलाया गया था
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर माजरा निवासी जॉनी पुत्र नकली राम ने बताया कि उसका साला वंश कश्यप पुत्र स्वर्गीय नीटू कश्यप, निवासी गांव भोपा, सोमवार रात अपने साथी विपुल पुत्र प्रेम प्रजापति और शेखर पुत्र कर्मवीर के साथ बेलड़ा गया था। बताया गया कि गांव के ही अर्जुन पुत्र ओमबीर प्रजापति ने फोन करके उन्हें वहां बुलाया था।

रात करीब साढ़े दस बजे चारों युवक बेलड़ा गांव स्थित तौल कांटे के पास पहुंचे। यहां अर्जुन का स्थानीय निवासी रिजवान से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया और मौके पर तनाव बढ़ गया।
बड़ी संख्या में लोगों ने युवकों को दौड़ाया
तहरीर के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद आरोपी पक्ष की ओर से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और चारों युवकों के पीछे उन्हें पीटने के लिए दौड़ पड़े। अचानक कई लोगों को पीछे आता देखकर युवक घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे।
बताया गया कि पीछा किए जाने के दौरान वंश, अर्जुन और शेखर ने पास से गुजर रही गंगनहर में छलांग लगा दी, जबकि विपुल झाड़ियों में जाकर छिप गया। कुछ समय बाद अर्जुन और शेखर नहर से सुरक्षित बाहर निकल आए। विपुल भी झाड़ियों से बाहर आ गया, लेकिन वंश कश्यप का कहीं पता नहीं चल सका।
नहर में युवक के लापता होने से मचा हड़कंप
वंश के नहर में लापता होने की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और नहर के आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। अंधेरा होने के कारण तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गोताखोरों को बुलाया। नहर के भीतर और आसपास लापता युवक की तलाश कराई जा रही है। पुलिस की टीमें घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।
थाने पर पहुंची महिलाओं और ग्रामीणों की भीड़
वंश के लापता होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं भोपा थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने थाने पर हंगामा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और लापता युवक की जल्द बरामदगी की मांग की। काफी देर तक थाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया।
एसपी देहात ने थाने पहुंचकर संभाला मोर्चा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडिक भी भोपा थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए लापता युवक की तलाश और मामले में की जा रही कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के अनुसार पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर रिजवान के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गोताखोरों के साथ पुलिस की सघन तलाश जारी
पुलिस और गोताखोरों की टीम गंगनहर में वंश कश्यप की तलाश में जुटी हुई है। नहर के संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। युवक के लापता होने के बाद से परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की आस लगाए बैठे हैं।

