औरैया में मजदूर पर टूटा हाईटेंशन तार, करंट की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर मौत

औरैया में मजदूर पर टूटा हाईटेंशन तार, करंट की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर मौत

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में रविवार सुबह हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर साइकिल सवार मजदूर के ऊपर गिर गया। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

सबलपुर गांव निवासी सद्दाम हुसैन (30) पुत्र वसीर खान वर्तमान में अजीतमल के राजीव नगर मोहल्ले में पत्नी शहनाज के साथ ससुराल में रह रहे थे। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह वह साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही वह आजाद नगर मोहल्ले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को जोड़ने वाली सड़क पर किनारे से गुजर रहे थे तभी हाईटेंशन तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया और करंट का झटका लगते ही माैके पर मौत हो गई।

हादसे देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव शाे कब्जे में लेकर जांच की। मृतक की पहचान के आधार पर पुलिस उसकी पत्नी व परिजनों काे घटना की जानकारी दी। मृतक की करीब आठ वर्ष पहले शादी हुई थी और उसके कोई संतान नहीं थी।

अवर अभियंता विजय कुमार ने बताया कि इंसुलेशन में कमी के कारण एचटी लाइन में पहले ट्रिपिंग हुई थी। सप्लाई चालू किए जाने के बाद तार अचानक टूट गया, जिससे हादसा हुआ। मामले की रिपोर्ट बनाकर विभाग को भेजी जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *