जौनपुर में होमगार्ड भर्ती की दौड़ में हादसा, 4 अभ्यर्थी गिरे; दो के पैर में फ्रैक्चर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

जौनपुर में होमगार्ड भर्ती की दौड़ में हादसा, 4 अभ्यर्थी गिरे; दो के पैर में फ्रैक्चर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान गुरुवार को सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में चार अभ्यर्थी दौड़ते समय गिरकर घायल हो गए। इनमें दो युवकों के पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। दोनों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।

प्रयागराज निवासी आशीष यादव (30) पुत्र विजय शंकर यादव और संजय गौड़ (25) होमगार्ड भर्ती की फिजिकल दौड़ में शामिल होने पहुंचे थे। बताया गया कि दौड़ के अंतिम चरण में अचानक दोनों गिर पड़े, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। इसी दौरान दो अन्य अभ्यर्थी भी चक्कर आने के कारण गिरकर घायल हो गए।

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम ने सभी घायलों को स्ट्रेचर की मदद से एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्धीकपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल एक्स-रे कराया। जांच में आशीष और संजय के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके बाद दोनों के पैर में प्लास्टर लगाया गया। चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार 24 घंटे के भीतर ऑपरेशन किए जाने की बात कही है। दोनों को इमरजेंसी में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।सिद्धीकपुर बूथ चौकी प्रभारी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि फिजिकल दौड़ के दौरान चार अभ्यर्थी चक्कर आने से गिर गए थे। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। बाद में परिजन चारों को अपने साथ ले गए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *