मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा के बीच श्रद्धालु युवती पर हमला, नाक से आभूषण लेकर भागा युवक; CCTV खंगाल रही पुलिस

मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा के बीच श्रद्धालु युवती पर हमला, नाक से आभूषण लेकर भागा युवक; CCTV खंगाल रही पुलिस

मथुरा। गोवर्धन के बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित गिरिराज तलहटी में मंगलवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिक्रमा कर रही मुंबई निवासी और कश्मीरी पंडित मूल की एक श्रद्धालु युवती पर एक अज्ञात युवक ने अचानक हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावर ने युवती की नाक को दांतों से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती की नाक में पहनी हुई लौंग (आभूषण) लेकर मौके से फरार हो गया। इस अचानक हुई घटना से परिक्रमा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल मच गया और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती पिछले करीब छह महीने से गोवर्धन में ही रह रही थी। वह छोटी परिक्रमा मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप एक कॉलोनी में ठहरी हुई थी और रोजाना नियमित रूप से गिरिराज महाराज की परिक्रमा करती थी।

मंगलवार को जब वह बड़ी परिक्रमा मार्ग पर परिक्रमा कर रही थी, तभी यह अप्रत्याशित हमला हुआ। खून से लथपथ युवती ने मदद के लिए गुहार लगाई, जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हुए। घटना की सूचना मिलते ही गोवर्धन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने हमलावर की तलाश तेज कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। इस मामले पर सीओ अनिल कुमार का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कौन था और उसने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *