सहारनपुर में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट! मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद चप्पे-चप्पे पर पुलिस, ड्रोन से निगरानी

सहारनपुर में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट! मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद चप्पे-चप्पे पर पुलिस, ड्रोन से निगरानी

सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद सहारनपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए शहर से लेकर देहात तक सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों के साथ धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

शहर के प्रमुख संवेदनशील स्थानों पर RRF, PAC और थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। नमाज के दौरान भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर लगाया गया है। अधिकारी लगातार इलाकों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी

पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी शुरू कर दी है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

शहर के बीच स्थित जामा मस्जिद के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। जुमे की नमाज के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और सूचनाओं पर भी नजर रख रही है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और बिना सत्यापन किसी विवादित, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री को आगे साझा न करें।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

एसपी सिटी ने की शांति बनाए रखने की अपील

एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, जुमे की नमाज को देखते हुए सहारनपुर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

फिलहाल सहारनपुर में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों को अलर्ट रखा गया है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैयार रखा गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *