मुजफ्फरनगर में पत्नी को पीटकर तीन तलाक देने का आरोप! दहेज में रकम मांगने का दावा, पति के खिलाफ FIR दर्ज

मुजफ्फरनगर में पत्नी को पीटकर तीन तलाक देने का आरोप! दहेज में रकम मांगने का दावा, पति के खिलाफ FIR दर्ज

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड स्थित गुडलक पैलेस में किराये के मकान में रह रही एक महिला ने अपने पति पर दहेज की मांग को लेकर लगातार मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि 18 जून 2026 को पति ने उसके साथ मारपीट करने के बाद कथित तौर पर तीन तलाक दे दिया। महिला के मुताबिक, पति जाते समय कानूनी कार्रवाई करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दे गया। पीड़िता की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ससुराल में परेशान करने का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत में मिमलाना रोड स्थित गुडलक पैलेस निवासी अफसाना ने बताया कि उसकी शादी भोपा क्षेत्र के सिकरी गांव निवासी आस मोहम्मद पुत्र शकील के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते रहे।

पीड़िता ने अपने ससुर पर भी उसके प्रति गलत नजर रखने का गंभीर आरोप लगाया है। इसके अलावा उसके साथ मारपीट किए जाने का भी दावा किया गया है। महिला के अनुसार ससुराल में लगातार बढ़ती परेशानी के चलते वह वहां से निकलकर मुजफ्फरनगर के मिमलाना रोड स्थित गुडलक पैलेस में किराये के मकान में रहने लगी। पीड़िता के मुताबिक, उसे यहां रहते हुए करीब तीन महीने हो चुके हैं।

अलग रहने के बाद भी मारपीट का आरोप

अफसाना का आरोप है कि अलग रहने के बावजूद उसका पति पिछले करीब तीन महीने से उसके पास आता रहा और दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करता रहा। महिला ने पुलिस को बताया कि कथित प्रताड़ना और मारपीट का सिलसिला अलग रहने के बाद भी बंद नहीं हुआ।

महिला के मुताबिक, पिछले महीने भी उसके साथ काफी मारपीट की गई थी। इस दौरान उसके गाल पर चोट लगी और सूजन आ गई थी। पीड़िता का दावा है कि चोट के बाद से उसके गाल में लगातार दर्द बना हुआ है।

18 जून को मारपीट के बाद तीन तलाक का आरोप

महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि 18 जून 2026 को उसका पति उसके पास आया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने कथित तौर पर पूरी होशो-हवास में उसे तीन तलाक दे दिया और वहां से चला गया।

पीड़िता के अनुसार इस घटना के बाद वह काफी भयभीत हो गई और उसने पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कार्रवाई की तो जान से मारने की धमकी का दावा

महिला का आरोप है कि पति ने जाते समय उसे धमकी दी कि यदि उसने उसके खिलाफ पुलिस या कानूनी कार्रवाई की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता के मुताबिक, धमकी के कारण वह डर गई, लेकिन बाद में उसने पुलिस की शरण लेते हुए पूरे मामले की शिकायत की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

पीड़िता की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना एसआई धर्मवीर सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस तहरीर में लगाए गए दहेज उत्पीड़न, मारपीट, तीन तलाक और जान से मारने की धमकी समेत अन्य आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *