रायबरेली में आधी रात सड़क पर उतरे छात्र! 3 किमी पैदल चलकर किया प्रदर्शन, बिजली-पानी से लेकर खाने तक की शिकायत

रायबरेली में आधी रात सड़क पर उतरे छात्र! 3 किमी पैदल चलकर किया प्रदर्शन, बिजली-पानी से लेकर खाने तक की शिकायत

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय के छात्र बुधवार की देर रात अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए। स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं से नाराज छात्र करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर शहर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि अधिकारियों ने छात्रों को समझाबुझाकर वापस भेज दिया।

ज़िले के बछरावां स्तिथ जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय के छात्र बुधवार की देर रात अपनी मांगों को लेकर सड़क पर प्रदर्शन को उतरे। छात्र रायबरेली जाकर डीएम से मिलना चाहते थे।छात्रों का आरोप है कि स्कूल में बिजली-पानी की समस्या से लेकर भोजन की गुणवत्ता, किताबों और शिक्षकों की कमी तक कई परेशानियां हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही।प्रदर्शन के दौरान कई छात्र पसीने से लथपथ और आक्रोशित नजर आए। अधिकारियों के पहुंचने के बाद छात्र धरने पर बैठ गए और अपनी समस्याएं गिनाईं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्कूल के प्रिंसिपल अवधेश कुमार यादव पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि वे स्कूल की समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी बातों पर कार्रवाई नहीं होती।स्कूल में मिलने वाले भोजन में लगातार कीड़े मिलते हैं, स्कूल में पर्याप्त किताबें उपलब्ध नहीं हैं और शिक्षकों की भी कमी है। ऐसे में नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

छात्रों का कहना है कि स्कूल में पढ़ने के लिए जरूरी संसाधन और पर्याप्त शिक्षक ही उपलब्ध नहीं हैं।

छात्रों के मुताबिक स्कूल में सोलर पैनल लगाए गए हैं, लेकिन वे खराब पड़े हैं। बिजली नहीं आने की स्थिति में स्कूल की पढ़ाई प्रभावित होती है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश यादव के अनुसार कुछ समस्याएं हैं जिनका जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा। महराजगंज एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि छात्रों की समस्याओं को संज्ञान लेकर कार्यवाही की जा रही है,सभी छात्र संतुष्ट होकर विद्यालय चले गए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *