बांदा में आशनाई के शक में युवक की हत्या, बाइक समेत बागै नदी में फेंका शव; 2 भाइयों समेत 3 गिरफ्तार

बांदा में आशनाई के शक में युवक की हत्या, बाइक समेत बागै नदी में फेंका शव; 2 भाइयों समेत 3 गिरफ्तार

बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में आशनाई के शक और रंजिश में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव को मोटरसाइकिल समेत बागै नदी में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज दो दिन के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो सगे भाइयों सहित तीन आरोपिताें को गिरफतार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बांका और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी नदी से बरामद कर ली है।

क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि थाना नरैनी क्षेत्र के ग्राम नहरी लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार ने बीते 5 सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात लोगों ने उनके पुत्र बरकत की हत्या कर शव को बागै नदी में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बांदा के निर्देश पर हत्याकांड के शीघ्र खुलासे और आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार सुराग जुटाने और संदिग्धों से पूछताछ के बाद नरैनी पुलिस ने 8 सितंबर को मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपिताें चुनवदा उर्फ रमेश और रामबाबू पुत्रगण पुन्ना, निवासी शंकर बाजार अंश पुकारी थाना नरैनी, तथा उनके साथी अरुण पुत्र किशोरी लाल, निवासी ग्राम पुकारी थाना नरैनी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक बरकत का अभियुक्तों के परिवार की एक महिला से मोबाइल पर बातचीत करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी आशनाई और रंजिश के चलते अभियुक्तों ने बरकत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। करीब दो दिन पहले धारदार हथियार से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपिताें ने मामले को छिपाने के इरादे से मृतक के शव को उसकी मोटरसाइकिल सहित बागै नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए दो दिन के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर नदी से हत्या में प्रयुक्त बांका और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। तीनों आरोपिताें के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया है। नरैनी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महज दो दिन के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *