सुलतानपुर में भीषण सड़क हादसा, पिता-मां और बेटे की मौत; तेज रफ्तार अज्ञात बस ने बाइक को मारी टक्कर

सुलतानपुर में भीषण सड़क हादसा, पिता-मां और बेटे की मौत; तेज रफ्तार अज्ञात बस ने बाइक को मारी टक्कर

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के अखंडनगर-कादीपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात बस ने बाइक सवार पिता, मां और बेटे को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके माता-पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

अखंडनगर थाना क्षेत्र के मिश्रपुर जलालपुरगंज अलीपुर निवासी प्रदीप गुप्ता (23) मंगलवार सुबह अपने पिता रामलौट (45) और मां दुर्गावती (40) के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान अखंडनगर-कादीपुर मार्ग पर सामने से आ रही अज्ञात बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। प्रदीप गुप्ता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, रामलौट और दुर्गावती गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी अखंडनगर पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आंबेडकर नगर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान पहले रामलौट और बाद में दुर्गावती की भी मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम फैल गया।

क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार ने मंगलवार को बताया कि मृतक प्रदीप गुप्ता के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और बस की पहचान के लिए आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *