शुक्रताल में सोलर प्लांट की 33 केवी लाइन से लाखों का तार चोरी! भोपा पुलिस ने आरोपी दबोचा, माल बरामद

शुक्रताल में सोलर प्लांट की 33 केवी लाइन से लाखों का तार चोरी! भोपा पुलिस ने आरोपी दबोचा, माल बरामद

मोरना। तीर्थनगरी शुक्रताल में सोलर प्लांट के लिए बिछाई गई 33 केवी विद्युत लाइन से लाखों रुपये का तार चोरी करने के मामले का भोपा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार भी बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार तीर्थनगरी शुक्रताल में धानिया इंटरप्राइजेज की ओर से सोलर प्लांट के संचालन के लिए 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन बिछाने का कार्य कराया गया था। लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कंपनी की तकनीकी टीम अंतिम जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम को विद्युत लाइन का एक हिस्सा गायब मिला।

कंपनी के एसडीओ शिवम की ओर से भोपा थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को तकनीकी टीम ने लाइन की जांच की तो तीन विद्युत खंभों के बीच बिछाया गया करीब 300 मीटर लंबा विद्युत तार गायब मिला। जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति ने विद्युत लाइन को काटकर तार चोरी कर लिया था। तार की कीमत लाखों रुपये बताई गई। घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद भोपा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। शुक्रताल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध लोगों की निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने बिहारगढ़ रोड पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सोलर प्लांट की 33 केवी विद्युत लाइन से काटा गया चोरी का तार बरामद हुआ।

पूछताछ में कबूली चोरी

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान असगर पुत्र इकबाल, निवासी ग्राम गढ़ी मुझेड़ा, थाना मीरापुर, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद तार को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना आगे बढ़ा दी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

चोरी की घटना से मचा था हड़कंप

सोलर प्लांट के लिए तैयार की गई हाईटेंशन विद्युत लाइन से एक साथ करीब 300 मीटर तार चोरी होने की घटना से कंपनी अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद अंतिम जांच के दौरान चोरी का पता चला था। पुलिस के अनुसार घटना के बाद टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई और सुराग जुटाकर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

भोपा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विद्युत लाइन से तार चोरी करने के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *