हाथरस में आलू किसानों के धरने में पहुंचे राकेश टिकैत, बोले- मांगों को लेकर पीएम-सीएम को लिखेंगे पत्र

हाथरस में आलू किसानों के धरने में पहुंचे राकेश टिकैत, बोले- मांगों को लेकर पीएम-सीएम को लिखेंगे पत्र

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सादाबाद तहसील परिसर में आलू की उचित कीमत और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पिछले 25 दिनों से जारी धरने में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत पहुंचे। उन्होंने धरनास्थल पर मौजूद किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनकी समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

राकेश टिकैत ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आलू किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना बेहद जरूरी है, ताकि खेती की लागत निकल सके और किसान आर्थिक संकट से बच सकें।

उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को लेकर जल्द ही उच्च स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। किसानों की समस्याओं के संबंध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। इसके अलावा जिले के सभी सांसदों और विधायकों को भी पत्र भेजकर किसानों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।

टिकैत ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर जल्द ही एक तारीख तय की जाएगी और जिले में बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत के जरिए किसानों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।

राकेश टिकैत के धरनास्थल पर पहुंचने से किसानों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। टिकैत ने आंदोलनरत किसानों से एकजुट रहने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की अपील की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *