मथुरा से द्वारका तक कान्हा के जन्मोत्सव की धूम, फूलों और रोशनी से सजे मंदिर; कृष्ण भक्ति में रंगा ब्रज

मथुरा से द्वारका तक कान्हा के जन्मोत्सव की धूम, फूलों और रोशनी से सजे मंदिर; कृष्ण भक्ति में रंगा ब्रज

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर कान्हा की नगरी मथुरा पूरी तरह से सज-धजकर तैयार हो चुकी है और पूरा शहर किसी दुल्हन की तरह नजर आ रहा है। देश-विदेश के श्रद्धालुओं के आगमन से ब्रजमंडल में अभी से उत्सव का माहौल बन गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से लेकर द्वारकाधीश मंदिर, बांकेबिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर तक हर जगह विशेष सजावट की गई है। मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया है।

मथुरा-वृंदावन की गलियां कृष्ण भजनों से गूंज रही हैं। प्रशासन ने भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। वहीं दूसरी ओर भगवान श्री द्वारकाधीश की नगरी द्वारका में भी जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्राधाम द्वारका में भगवान श्री द्वारकाधीश के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। द्वारका स्थित जगत मंदिर को रोशनी से जगमगाया गया है। यहां द्वारका के राजा के तौर पर भगवान द्वारकाधीश बिराजमान हैं, इसलिए जन्माष्टमी उत्सव को बेहद धूमधाम से मनाया जाता है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार भगवान श्री द्वारकाधीश जगत मंदिर में की गई रोशनी की व्यवस्था इस प्रकार की गई है कि इसे द्वारका से 10 किमी दूर से भी देखा जा सकता है। हर साल भगवान श्री द्वारकाधीश के जगत मंदिर में हजारों भक्त दर्शन करने आते हैं और जन्माष्टमी उत्सव के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के जन्मोत्सव को मनाने के लिए पहुंचेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्राधाम द्वारका में जगत मंदिर परिसर, मंदिर के शिखर और आसपास के इलाके में आकर्षक लाइटिंग डेकोरेशन किया गया है। पूरा परिसर समेत मंदिर के आसपास के इलाके रोशनी से जगमग उठे हैं। रात के समय जगत मंदिर की छटा देखते ही बन रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *