कानपुर में गंगा का जलस्तर गिरा, लेकिन खतरा बरकरार! बैराज से 3.09 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज, प्रशासन अलर्ट

कानपुर में गंगा का जलस्तर गिरा, लेकिन खतरा बरकरार! बैराज से 3.09 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज, प्रशासन अलर्ट

कानपुर। उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कानपुर जनपद में गंगा के जलस्तर में मंगलवार को फिर गिरावट दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम दोनों ओर पानी का स्तर बीते दिन की अपेक्षा नीचे आया है। बैराज से 309365 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। जलस्तर अभी चेतावनी बिंदु से नीचे बना हुआ है।

बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.740 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.490 मीटर दर्ज किया गया। एक दिन पूर्व सोमवार को अपस्ट्रीम जलस्तर 113.870 मीटर और डाउनस्ट्रीम 113.620 मीटर जलस्तर था। इस तरह दोनों तरफ जलस्तर में 0.130 मीटर की कमी आई है।

बैराज का चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का स्तर 115 मीटर है। खतरे के स्तर पर डिस्चार्ज 544373 क्यूसेक निर्धारित है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी स्तर से भी नीचे होने के कारण फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।

उधर आगे बढ़ते हुए शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.250 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। वहीं, हरिद्वार बैराज से 100375 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 77819 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को गंगा के जलस्तर और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील (निचले) क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने के साथ ही किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *