चित्रकूट में बाढ़ के बीच ‘आसमान से रेस्क्यू’, तेज बहाव में फंसे दो बुजुर्गों को वायुसेना ने हेलिकॉप्टर से बचाया

चित्रकूट में बाढ़ के बीच ‘आसमान से रेस्क्यू’, तेज बहाव में फंसे दो बुजुर्गों को वायुसेना ने हेलिकॉप्टर से बचाया

प्रयागराज। चित्रकूट में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच फंसे दो बुजुर्गों के लिए भारतीय वायुसेना ने आसमान से बचाव अभियान चलाया। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के लिए नौका से बचाव अभियान चलाना कठिन होने पर प्रयागराज से भारतीय वायुसेना का चेतक हेलिकॉप्टर तत्काल चित्रकूट भेजा गया। हेलिकॉप्टर के चालक दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सटीक विंचिंग अभियान चलाकर दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला और तट तक पहुंचाया।

बाढ़ के पानी का बहाव तेज होने के कारण प्रभावित क्षेत्र में नौका से राहत और बचाव कार्य में कठिनाई आ रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वायुसेना ने तत्काल कार्रवाई की। चेतक हेलिकॉप्टर ने प्रभावित क्षेत्र के ऊपर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। हेलिकॉप्टर को बाढ़ के पानी के ऊपर पूरी तरह स्थिर रखते हुए चालक दल के सदस्यों ने विंच की सहायता से दोनों बुजुर्गों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। कठिन मौसम और तेज जलप्रवाह के बीच चलाए गए इस अभियान में चालक दल ने असाधारण कौशल और सूझबूझ का परिचय दिया।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी विंग कमांडर देबार्थो धर ने रविवार काे बताया कि चित्रकूट में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के कारण एसडीआरएफ के लिए नौका से बचाव अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण हो गया था। स्थिति को देखते हुए प्रयागराज से भारतीय वायुसेना के चेतक हेलिकॉप्टर को तत्काल रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि चालक दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सटीक विंचिंग अभियान चलाकर बाढ़ के पानी के बीच फंसे दो बुजुर्ग नागरिकों को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाला।

उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना की त्वरित प्रतिक्रिया, प्रशिक्षित चालक दल के कौशल और राहत एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय से दोनों नागरिकों की सुरक्षित निकासी संभव हो सकी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने के साथ राहत और बचाव कार्य लगातार चुनौतीपूर्ण हो रहे हैं। ऐसे में वायुसेना की इस त्वरित कार्रवाई ने संकट में फंसे लोगों तक समय पर मदद पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *